Adityapur : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त सरायकेला के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर)-2026 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से सोमवार को टाउन हॉल, सरायकेला में 50-ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि इससे पूर्व 27 जून को 49-सरायकेला एवं 51-खरसावां विधानसभा क्षेत्रों के स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है।
प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर)-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।
प्रशिक्षण में स्वयंसेवकों को घर-घर जाकर पात्र नागरिकों से संपर्क स्थापित करने, निर्धारित प्रपत्र भरवाने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने तथा नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन की प्रक्रिया से अवगत कराने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन जमा कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्वयंसेवकों को बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने को कहा।
प्रशिक्षण के दौरान इस बात पर विशेष बल दिया गया कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। स्वयंसेवकों को घर-घर सत्यापन के दौरान पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सावधानी बरतते हुए उपलब्ध दस्तावेजों एवं निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रावधानों के आधार पर ही प्रपत्र भरवाने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षकों ने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला है। इसलिए सभी स्वयंसेवकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनरों ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर)-2026 के विभिन्न प्रावधानों, आवेदन प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, समय-सीमा तथा क्षेत्रीय स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी स्वयंसेवकों को संबोधित किया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।








