राजनगर में युवाओं के लिए अमीन प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर, स्वरोजगार हेतु आवेदन आमंत्रित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

राजनगर: शिक्षित बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और तकनीकी दक्षता प्रदान करने के उद्देश्य से प्रखंड सह अंचल कार्यालय, राजनगर ने भू-मापक (अमीन) सर्वेक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह प्रशिक्षण भूमि सुधार उप समाहर्ता, सरायकेला तथा नव भारत निर्माण संस्थान, चास (बोकारो) के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।

प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम में मैट्रिक, इंटरमीडिएट एवं उच्च शिक्षित बेरोजगार महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी नामांकन करा सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 1 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक चलेगी, जबकि प्रशिक्षण 19 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा।

दो माह की अवधि वाले इस प्रशिक्षण का आयोजन प्रत्येक रविवार को तीन घंटे के सत्र में पंचायत सचिवालय, राजनगर में किया जाएगा। प्रशिक्षण शुल्क 350 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग एवं महिला अभ्यर्थियों को शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

नामांकन के लिए अभ्यर्थियों को दो पासपोर्ट आकार के फोटो, शैक्षणिक प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड की छायाप्रति प्रखंड सह अंचल कार्यालय, राजनगर में जमा करनी होगी।

प्रशिक्षण प्रभारी ने बताया कि वर्तमान समय में भूमि सर्वेक्षण एवं भू-मापन कार्यों की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशिक्षित अमीनों के लिए रोजगार और स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। ऐसे में यह प्रशिक्षण युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोल सकता है।

प्रशिक्षण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 83406-55955 एवं 72950-96695 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रखंड प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से भी इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.