Jamshedpur : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) से संबंधित जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में उप विकास आयुक्त ने कहा कि विभिन्न कंपनियां अपने स्तर पर सीएसआर गतिविधियों का संचालन करती हैं, लेकिन उनकी जानकारी जिला स्तरीय समिति को समय पर उपलब्ध नहीं हो पाती। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा गठित जिला स्तरीय समिति के अनुमोदन के बाद ही सीएसआर गतिविधियों का क्रियान्वयन किया जाना है।
उन्होंने जानकारी दी कि अब तक यूसीआईएल, एचसीएल और बैंक ऑफ इंडिया द्वारा ही जिला प्रशासन को सीएसआर मद में राशि उपलब्ध कराई गई है अथवा प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए जिला स्तरीय समिति से अनुमोदन प्राप्त किया गया है।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि बैठक का उद्देश्य विभिन्न कंपनियों के सीएसआर कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करना, योजनाओं के दोहराव को रोकना तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी और व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करना है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने सभी कंपनी प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे विगत वित्तीय वर्ष में संचालित सभी सीएसआर गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन एक सप्ताह के भीतर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। साथ ही चालू वित्तीय वर्ष के लिए प्रस्तावित सीएसआर योजनाओं की कार्ययोजना भी जिला स्तरीय समिति के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करें।
बैठक के दौरान जिला प्रशासन ने जिले की प्राथमिक आवश्यकताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद महत्वपूर्ण कमियों (क्रिटिकल गैप) की जानकारी साझा करते हुए कंपनियों से सहयोग का आग्रह किया। इसमें बालिका आवासीय विद्यालयों में सैनिटरी नैपकिन डिस्पेंसर मशीन की स्थापना, स्वास्थ्य केंद्रों एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों में वाटर एटीएम की व्यवस्था, मेडिकेटेड मच्छरदानियों का वितरण, सबर टोला क्षेत्रों का समग्र विकास, मुक्ति वाहन की उपलब्धता, विद्यालयों के लिए बेंच-डेस्क, दिव्यांगजनों के लिए इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल, आवासीय विद्यालयों में खेल सुविधाओं का विकास तथा समाहरणालय परिसर में दीदी कैफे के लिए आधारभूत संरचना निर्माण जैसे प्रस्ताव शामिल रहे।
बैठक में उपस्थित सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सीएसआर गतिविधियों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनकल्याणकारी बनाने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।

















