चाईबासा में तालाब में डूबने से गर्भवती महिला की मौत, परिवार में पसरा मातम

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत डीलियामार्चा गांव में शनिवार को तालाब में डूबने से करीब 30 वर्षीय गर्भवती महिला जेमा तियू की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका के बड़े भाई रेंगो देवगम ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे जेमा तियू गांव के तालाब में कपड़े धोने और स्नान करने गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई।

घटना के समय जेमा तियू के साथ उसके तीन बच्चे और पड़ोस की एक महिला भी मौजूद थे। काफी देर तक जब वह पानी से बाहर नहीं निकली तो बच्चों और साथ मौजूद महिला ने गांव के लोगों को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की।

सूचना मिलने पर जेमा तियू के पति रेंगो तियू भी घटनास्थल पहुंचे। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक खोजबीन के बाद महिला को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद टोटो से तत्काल इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल, चाईबासा ले जाया गया।

सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद जेमा तियू को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद डीलियामार्चा गांव में शोक का माहौल है और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें