Rajnagar : राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत राजनगर प्रखंड में रविवार को 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो रोधी जीवनरक्षक खुराक पिलाई गई। अभियान के पहले दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विभिन्न बूथों पर उत्साहपूर्वक बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई। अभियान को लेकर अभिभावकों में भी सकारात्मक उत्साह देखने को मिला।
राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्याम सोरेन ने बताया कि 28 जून की शाम तक प्रखंड में कुल 15,296 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का करीब 79 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि अभियान अभी जारी है। 29 और 30 जून को स्वास्थ्यकर्मी, सहिया एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच सके।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। विभाग का कहना है कि पोलियो की प्रत्येक खुराक बच्चों को आजीवन अपंगता से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे।









