Guaa : राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को गुवा के विभिन्न क्षेत्रों में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष शिविर लगाकर बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई।
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त टीमों ने क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया। टीमों ने घर-घर जाकर अभिभावकों को पोलियो से बचाव के महत्व की जानकारी दी तथा अपने सभी बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की।
स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि पोलियो एक गंभीर और स्थायी विकलांगता पैदा करने वाली बीमारी है, जिससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर पोलियो की खुराक देना है। इसलिए प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है कि वह अपने बच्चों को अभियान के दौरान निर्धारित खुराक अवश्य दिलाए।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी सेविका जहां आरा गानी, एएनएम रंजीता नायक, मरीना अन्ना लकड़ा तथा साहिया जसिंता तिग्गा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं आंगनबाड़ी कर्मी मौजूद रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई और अधिक से अधिक बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाने का प्रयास किया।









