पत्रकार हितों को लेकर मंत्री योगेंद्र प्रसाद से मिला प्रतिनिधिमंडल, सुरक्षा और कल्याण योजनाओं की उठाई मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : ऑल इंडिया स्मॉल एंड मिडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद से उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकार सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना सहायता, पेंशन योजना और पत्रकार कल्याण कोष को प्रभावी बनाने की मांग उठाई।

राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया एवं प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री योगेंद्र प्रसाद को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान मंत्री ने एसोसिएशन की नवगठित प्रदेश कमिटी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुलाकात के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार और पत्रकार कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों के लिए प्रभावी स्वास्थ्य बीमा योजना, दुर्घटना सहायता, वृद्धावस्था पेंशन तथा पत्रकार कल्याण कोष को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके हितों की रक्षा के लिए सरकार सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करेगी।

उन्होंने फर्जी पत्रकारों की बढ़ती संख्या पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन, मीडिया संस्थानों और पत्रकार संगठनों को मिलकर प्रयास करने होंगे। साथ ही उन्होंने निष्पक्ष, जिम्मेदार और जनहितकारी पत्रकारिता को बढ़ावा देने पर बल दिया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की प्राथमिकता होनी चाहिए। वहीं प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और कल्याण के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा।

प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बैठक में पत्रकार हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। मंत्री ने संगठन की मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने तथा पत्रकार कल्याण योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में सहयोग का भरोसा दिया।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कोषाध्यक्ष परबिंद पांडेय, प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश बनर्जी, धनबाद जिला अध्यक्ष राहुल कुमार, प्रदेश सदस्यता प्रभारी नागेंद्र कुमार, प्रदेश कानूनी सलाहकार सुभाष कटरियार, बोकारो जिला अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिन्हा, दिवाकर सिंह, सतीश प्रसाद, अमर सोनकर, दिलीप चंद महतो एवं कोल्हान प्रभारी अजय कुमार महतो सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.