Jadugoda : कोल्हान के प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र हरिना मुक्तेश्वर धाम में आयोजित हरिना मेला के छठे दिन शनिवार को श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। बाबा मुक्तेश्वर धाम में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वहीं मेले में खरीदारी और मनोरंजन का आनंद लेने के लिए भी दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
15 जून से शुरू हुए इस ऐतिहासिक मेले में श्रद्धालुओं ने बाबा मुक्तेश्वर धाम में मत्था टेककर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था के साथ-साथ मेले की रौनक भी चरम पर रही।
मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों और मीना बाजार में लोगों ने अपनी पसंद की वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। बच्चों, युवाओं और महिलाओं के बीच मेले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। मनोरंजन के लिए लगाए गए टोरटोरा झूला, बिजली झूला, ड्रैगन ट्रेन, ब्रेक डांस, मिकी माउस झूला, नौका झूला, मौत का कुआं और ऊंची कूद जैसे आकर्षण लोगों के बीच खासे लोकप्रिय रहे।
शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन, जिला उपाध्यक्ष सांगें पुर्ति, विद्यासागर दास तथा प्रखंड सचिव भूवनेश्वर सरदार समेत कई गणमान्य लोग भी मेले में पहुंचे। सभी ने बाबा भोलेनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना कर झारखंडवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मेले का एक प्रमुख आकर्षण इस वर्ष स्थानीय शिव सागर तालाब का सौंदर्यीकरण भी रहा। विधायक संजीव सरदार के प्रयासों से तालाब का स्वरूप निखरने के बाद बड़ी संख्या में लोग इसके सुंदर दृश्य का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि मुक्तेश्वर धाम परिसर और आसपास के क्षेत्र का विकास इसे एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में नई पहचान दे रहा है।
मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपांकर सीट, मुख्य पुजारी ब्रजांकन दंडपाट, अनिरुद्ध नायक, सागर सीट, पिंटू नायक, सरोज सीट, गुणाधर लोहार, पंचायत समिति सदस्य उदय सरदार, दीपक सरदार, बुलू महतो, मनोहर सरदार सहित अन्य सदस्यों ने मेले के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।









