टाटा स्टील क्वार्टर खाली कराने पहुंची टीम का विरोध, ट्रैफिक एएसआई पर अवैध कब्जे का आरोप

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : कदमा टावर रोड स्थित टाटा स्टील के क्वार्टर संख्या L5-55 को खाली कराने पहुंची टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) और एसआरटी की टीम को शुक्रवार सुबह भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान कंपनी अधिकारियों और क्वार्टर में रह रहे ट्रैफिक पुलिस के एएसआई अमरेश कुमार सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।

कंपनी अधिकारियों का आरोप है कि एएसआई अमरेश कुमार सिंह पिछले लगभग ढाई वर्षों से ताला तोड़कर उक्त क्वार्टर में अवैध रूप से रह रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, क्वार्टर को पूर्व में खाली कराए जाने के बाद बिजली एवं पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से चोरी से बिजली-पानी का उपयोग किया जा रहा था, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

यूआईएसएल के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित व्यक्ति को कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से क्वार्टर खाली करने का नोटिस दिया गया था। आरोप है कि नोटिसों की अनदेखी की गई और हर बार किसी न किसी कारण से कार्रवाई टाल दी गई। अधिकारियों का यह भी कहना है कि उक्त आवास को किसी पात्र और जरूरतमंद कर्मचारी को आवंटित किया जा सकता था, लेकिन अवैध कब्जे के कारण ऐसा संभव नहीं हो पा रहा है।

वहीं, एएसआई अमरेश कुमार सिंह और उनके परिजनों ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्हें किसी प्रकार का नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे क्वार्टर खाली नहीं करेंगे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और माहौल को शांत कराया। यूआईएसएल प्रबंधन ने बताया कि स्थानीय थाना को पहले ही लिखित सूचना दी जा चुकी है तथा पुलिस प्रशासन के सहयोग से क्वार्टर को खाली कराने और सील करने की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। अब सभी की नजर प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें