बिरसानगर अफोर्डेबल हाउसिंग परियोजना का लोकार्पण, 322 लाभुकों को मिला आवास का आवंटन पत्र

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत निर्मित बिरसानगर अफोर्डेबल हाउसिंग परियोजना का लोकार्पण शुक्रवार को झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। इस अवसर पर 322 लाभुकों को सांकेतिक चाबी एवं आवंटन पत्र प्रदान किए गए।

बिरसानगर स्थित इस आवासीय परियोजना में दो ब्लॉकों में कुल 644 फ्लैटों का निर्माण किया गया है। लोकार्पण समारोह में लगभग एक हजार लाभुकों एवं उनके परिजनों ने भाग लिया। अपने सपनों का घर मिलने पर लाभुकों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

समारोह में सांसद विद्युत वरण महतो एवं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू उपस्थित रहीं, जबकि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। रांची से नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव, निदेशक (नगर प्रशासन) तथा निदेशक (सूडा) ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

परियोजना स्थल पर नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद, उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार सहित जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। लोकार्पण के बाद लाभुकों ने अपने नए आवासों में गृह प्रवेश कर पूजा-अर्चना की और केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।



इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो एवं विधायक पूर्णिमा साहू ने परियोजना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में मंत्री सुदिव्य कुमार एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि बिरसानगर अफोर्डेबल हाउसिंग परियोजना हजारों नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होगी।

जनप्रतिनिधियों ने इस परियोजना को जमशेदपुर के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह योजना “सभी के लिए आवास” के संकल्प को साकार करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें