वीर शहीद गणेश हांसदा के 6वें शहादत दिवस पर उमड़ा जनसैलाब

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : गलवान घाटी में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले झारखंड के वीर सपूत गणेश हांसदा के छठे शहादत दिवस पर सोमवार को श्रद्धा और सम्मान का भाव उमड़ पड़ा। बहरागोड़ा प्रखंड के शहीद ग्राम कोसाफलिया सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित श्रद्धांजलि सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता और परिजन शामिल हुए तथा वीर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

शहीद ग्राम कोसाफलिया स्थित स्मारक स्थल और बांसदा चौक में स्थापित गणेश हांसदा की प्रतिमा पर उनके माता-पिता कापरा हांसदा और सुगदा हांसदा, बड़े भाई दिनेश हांसदा सहित ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान वीर शहीद गणेश हांसदा फेलोशिप से जुड़े छात्र-छात्राओं, निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार, ट्राइबल पैडमैन वैद्यनाथ हांसदा और अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी शहीद के योगदान को याद किया।

इसी क्रम में भंडारशोल स्थित वीर शहीद गणेश हांसदा पुस्तकालय और जमशेदपुर के करनडीह स्थित लाल बहादुर मेमोरियल कॉलेज के आदिवासी छात्रावास में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके साहस, त्याग और देशभक्ति को नमन किया। छात्रों ने कहा कि गणेश हांसदा का जीवन और बलिदान उन्हें राष्ट्रहित में कार्य करने तथा देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा देता है।

वक्ताओं ने कहा कि महज 20 वर्ष की आयु में गणेश हांसदा ने जून 2020 में गलवान घाटी में चीनी सेना का डटकर मुकाबला करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उनका अदम्य साहस और राष्ट्रप्रेम आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।

शहीद के आवास पर आयोजित बैठक में वीर शहीद गणेश हांसदा फेलोशिप और प्रस्तावित ‘वीर शहीद संवाद’ कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। आयोजकों ने बताया कि ग्रामीण विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित फेलोशिप के तहत अब तक चार बैचों के 22 छात्र-छात्राएं मैट्रिक से लेकर स्नातक स्तर तक की पढ़ाई कर रहे हैं। पहले बैच के विद्यार्थी अब स्नातक के अंतिम वर्ष में पहुंच चुके हैं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिक से अधिक ग्रामीण बच्चों को शिक्षा और प्रेरणा से जोड़ने के लिए अगले माह फेलोशिप का पांचवां संस्करण शुरू किया जाएगा। साथ ही शहीद के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों पर ‘वीर शहीद संवाद’ कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों में देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत किया जाएगा।

चर्चा सत्र के दौरान गणेश हांसदा की जीवनी पर आधारित कॉमिक्स का पहला ड्राफ्ट भी प्रस्तुत किया गया। आयोजकों ने बताया कि जल्द ही यह कॉमिक्स प्रकाशित की जाएगी, जिससे बच्चे और युवा शहीद के संघर्ष, साहस और बलिदान की कहानी को सरल और रोचक तरीके से जान सकेंगे।

शहीद के बड़े भाई दिनेश हांसदा ने कहा कि निश्चय फाउंडेशन और अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रयासों से देश के वीर सपूतों की गाथा जन-जन तक पहुंच रही है। इससे बड़ी संख्या में लोग प्रेरित हो रहे हैं और इस अभियान से जुड़ रहे हैं।

कार्यक्रम में निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार, वैद्यनाथ हांसदा, जयदीप महाकुड, विकास कुमार, रूपनारायण बेरा, जोबा किस्कू, निर्मला सोरेन, यमुना किस्कू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.