Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। नीमडीह थाना क्षेत्र के बेड़ेदा और केंदडीह गांव में विशेष छापामारी अभियान चलाकर तीन अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया।
उपायुक्त के निर्देश एवं उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में संचालित इस अभियान में उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब निर्माण स्थलों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 500 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसका उपयोग अवैध शराब निर्माण में किया जा रहा था।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरामद जावा महुआ को झारखंड उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्त कर नियमानुसार नष्ट कर दिया गया। साथ ही अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त चुलाई भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया गया, ताकि दोबारा इनका उपयोग न किया जा सके।
विभाग ने बताया कि अवैध चुलाई अड्डों के संचालकों एवं इस कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना मिलने पर इसकी जानकारी प्रशासन को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर इस अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।









