सरायकेला आश्रय गृह में मिली अव्यवस्था और संदिग्ध प्रविष्टियां

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Saraikela : नगर पंचायत सरायकेला द्वारा संचालित आश्रय गृह में व्यवस्थागत लापरवाही और अभिलेखों में अनियमितता का मामला सामने आया है। सोमवार को नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के औचक निरीक्षण के दौरान आश्रय गृह की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। निरीक्षण में अव्यवस्था, साफ-सफाई की कमी और पंजी में संदिग्ध प्रविष्टियां मिलने पर अध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, सिटी मैनेजर सुमित सुमन, कम्युनिटी मोबिलाइजेशन मैनेजर (सीएमएम) मणिमुकुट सोरेन तथा मैकेनिकल इंजीनियर विक्की भी मौजूद थे। टीम ने आश्रय गृह के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया, जहां बेड, बिस्तर और अन्य आवश्यक सामग्री अव्यवस्थित अवस्था में पाई गई। परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव में भी गंभीर खामियां सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान रात्रि विश्राम करने वाले आश्रितों के पंजी की जांच की गई। जांच में कई प्रविष्टियां संदिग्ध प्रतीत हुईं, जिससे अभिलेखों में अनियमितता और फर्जी एंट्री की आशंका जताई गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने सीएमएम मणिमुकुट सोरेन को कड़ी फटकार लगाई और इसे प्रशासनिक लापरवाही करार दिया।

अध्यक्ष ने सिटी मैनेजर सुमित सुमन तथा दूरभाष के माध्यम से कार्यपालक पदाधिकारी को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित पदाधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।

मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि आश्रय गृह निराश्रित और जरूरतमंद लोगों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। इसके संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही या रिकॉर्ड में गड़बड़ी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े संस्थानों में पारदर्शिता, जवाबदेही और नियमित निगरानी अनिवार्य है तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि आश्रय गृह में रात्रि विश्राम के लिए बहुत कम लोग पहुंच रहे हैं, जिसके कारण उपलब्ध संसाधनों का अपेक्षित उपयोग नहीं हो पा रहा है। इस पर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने कहा कि कम लाभुकों के पीछे के कारणों का अध्ययन कर आश्रय गृह को अधिक जनोपयोगी बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आश्रय गृह के प्रचार-प्रसार, सुविधाओं के उन्नयन और नियमित अनुश्रवण के लिए एक विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। नगर पंचायत का उद्देश्य केवल भवन का संचालन करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को प्रभावी और सम्मानजनक सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने आश्रय गृह को निराश्रितों के लिए सुरक्षित सहारा और भरोसेमंद आश्रय केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.