Jamshedpur : तेली साहू समाज, साकची क्षेत्र, जमशेदपुर द्वारा सिद्धगोड़ा स्थित सूर्या मंदिर टाउन हॉल में आयोजित कर्मा महोत्सव 2026 श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्य अतिथि तथा भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ माता कर्मा एवं राजिम माता की विधिवत पूजा-अर्चना तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए पार मुखियाओं एवं महिला प्रतिनिधियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत एवं सम्मान किया गया। साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा युवक-युवती परिचय सम्मेलन का भी आयोजन किया गया।
अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि किसी भी समाज की उन्नति शिक्षा, संस्कार और संगठन की मजबूती पर निर्भर करती है। उन्होंने तेली साहू समाज द्वारा सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करते हैं।
विशिष्ट अतिथि दिनेश कुमार ने कहा कि कर्मा महोत्सव केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को अपनी संस्कृति, परंपरा और मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि माता कर्मा का जीवन सेवा, समर्पण, परिश्रम और समाजोत्थान का प्रेरणास्रोत है। समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी के बल पर सामाजिक विकास संभव है।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण छत्तीसगढ़ से आईं सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका तरुणा साहू की प्रस्तुति रही। उन्होंने अपनी ओजपूर्ण लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर सभागार देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सम्मान समारोह और सामाजिक गतिविधियों ने आयोजन को और अधिक गरिमामय बना दिया। समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में तेली साहू समाज, साकची क्षेत्र के अध्यक्ष लालू राम साहू, मंत्री त्रिवेंद्र कुमार साहू, कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर प्रसाद साहू, महिला अध्यक्ष शीलू साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा केंद्रीय अध्यक्ष मनमोहन लाल साहू, महामंत्री रामनरेश साहू, केंद्रीय महिला अध्यक्ष जया साहू, सविता साहू, शशि देवी, हेमंत साहू, संजना साहू, कन्हैया राम साहू, तारा साहू, गजेंद्र साहू, नेमीचंद साहू, संतोष साहू, प्रह्लाद साहू समेत बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्ध नागरिक, महिलाएं एवं बच्चे कार्यक्रम में शामिल हुए।
अंत में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं दिनेश कुमार ने आयोजन समिति और समाज के पदाधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए समाज की उन्नति एवं संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करते रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन स्वेच्छा साहू ने किया।








