Jamshedpur : जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के सुंदरनगर स्थित झंडा मैदान किंगडम हॉल परिसर में शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा कार्यकर्ता सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।
कार्यक्रम में कंचन पासवान के नेतृत्व में लगभग 50 से अधिक युवा एवं महिलाओं ने झामुमो का दामन थामा। विधायक मंगल कालिंदी ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिसके कारण जनता का विश्वास लगातार झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रति बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बिजली बिल माफी, 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण माफी, मंईयां सम्मान योजना सहित कई महत्वाकांक्षी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। यही वजह है कि युवा और महिलाएं बड़ी संख्या में पार्टी की विचारधारा से जुड़ रहे हैं।
मिलन समारोह के दौरान संगठन की मजबूती और आगामी दिनों में जनसंपर्क अभियान को और व्यापक बनाने का संकल्प भी लिया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष पलटन मुर्मू, प्रवीन डॉली, जगन दास समेत झामुमो के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह में संगठन विस्तार और जनसंपर्क को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।









