15 वर्षों बाद बागबेड़ा कॉलोनी के 50 घरों तक पहुंचेगा पेयजल, पाइप इंटर कनेक्शन कार्य शुरू

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-3 के लगभग 50 घरों में पिछले 15 वर्षों से पेयजल आपूर्ति नहीं पहुंचने की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार के प्रयास से बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के अंतर्गत डीएमएफटी फंड से पाइप इंटर कनेक्शन का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

करीब 4 लाख रुपये की प्राक्कलित लागत से बागबेड़ा कॉलोनी स्थित कुंवर सिंह मैदान के समीप रोड नंबर-2 एवं रोड नंबर-3 में पाइप इंटर कनेक्शन का कार्य एमके इंटरप्राइजेज द्वारा कराया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के बाद वर्षों से जलापूर्ति से वंचित लगभग 50 घरों तक नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

विधायक संजीव सरदार के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि पप्पू उपाध्याय, बहादुर किस्कू, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता तथा उपमुखिया संतोष ठाकुर ने संयुक्त रूप से कार्यस्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता आशुतोष भी उपस्थित रहे। उन्होंने निर्माण कार्य की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद प्रभावित सभी घरों में नियमित जलापूर्ति शुरू हो जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि पप्पू उपाध्याय एवं बहादुर किस्कू ने कहा कि कई वर्षों से लंबित इस समस्या के समाधान की दिशा में कार्य प्रारंभ होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। उन्होंने विश्वास जताया कि योजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी।

पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बताया कि इस मांग को लेकर विधायक संजीव सरदार, जिला उपायुक्त, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी को कई बार ज्ञापन सौंपा गया था। इसके अलावा पंचायत समिति की मासिक बैठकों में भी लगातार इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाता रहा।

उन्होंने कहा कि विधायक संजीव सरदार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक में डीएमएफटी फंड से योजना की स्वीकृति दिलाई। कार्य प्रारंभ होने पर स्थानीय लोगों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.