जन शिकायत पर सक्रिय हुए सरयू राय, सोनारी में सड़क और नाली निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जन शिकायतों के आधार पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गुरुवार को सोनारी क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर विकास विभाग द्वारा निर्मित सड़कों एवं चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया तथा कई स्थानों पर अनियमितताओं और कमियों पर नाराजगी जताई।

सबसे पहले विधायक सरयू राय ने सोनारी के कुम्हारपाड़ा में नगर विकास विभाग द्वारा निर्मित सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण में कई कमियां पाई गईं, जिस पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके बाद उन्होंने जन शिकायत के आधार पर पुराना सोनारी क्षेत्र में विधायक निधि से निर्मित हो रही सड़क का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के क्रम में सरयू राय आदर्श नगर फोर्थ फेज के सामने पहुंचे, जहां नगर विकास विभाग द्वारा नाली निर्माण के लिए गड्ढा खोदकर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया था। इस स्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां निर्माण कार्य रुका हुआ है, वहां जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ किया जाए तथा जहां गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ियां हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त किया जाए।

विधायक सरयू राय ने कहा कि वे लगातार जन शिकायतों और स्थानीय लोगों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विकास योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उनका निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। :::

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.