Saraikela : जिले में संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र लाभुकों तक समयबद्ध लाभ पहुंचाने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न पेंशन योजनाओं, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना तथा स्पॉन्सरशिप योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लंबित आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं से जोड़ना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। साथ ही सभी स्वीकृत लाभुकों को सहायता राशि का नियमित और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
स्पॉन्सरशिप योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने विभागीय प्रावधानों के अनुरूप प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने और पात्र बच्चों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा लाभुकों को नियमित रूप से सहायता राशि उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लंबित लाभुक सत्यापन कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सत्यापन प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि तकनीकी समस्याओं अथवा अन्य बाधाओं की जानकारी तत्काल विभागीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनका समयबद्ध समाधान कर सत्यापन कार्य में तेजी लाई जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करना है। इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन तथा पात्र लाभुकों तक लाभ पहुंचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा निवेदिता राय, जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ), महिला पर्यवेक्षिकाएं (एलएस) तथा सामाजिक सुरक्षा एवं समाज कल्याण विभाग से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।









