Jamshedpur : शहर के सुरक्षित और प्रतिष्ठित आवासीय क्षेत्रों में गिनी जाने वाली टाटा मोटर्स कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई चोरी की बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। टेल्को थाना क्षेत्र स्थित कॉलोनी के एक बंद घर को निशाना बनाते हुए चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना क्रॉस रोड नंबर-25 स्थित क्वार्टर संख्या K2/13 की है। यहां रहने वाले टाटा मोटर्स के कर्मचारी संतोष कुमार सिंह रविवार सुबह लगभग 10:30 बजे अपने पिता से मिलने लक्ष्मीनगर गए थे। घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने पीछे का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी का लॉकर तोड़ दिया और उसमें रखे करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। देर शाम जब संतोष कुमार सिंह घर लौटे तो सामान बिखरा हुआ मिला और लॉकर टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों और कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद कॉलोनी के निवासियों में भय और नाराजगी का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि टाटा मोटर्स जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली कॉलोनी में भी चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, तो आम इलाकों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और कॉलोनी में निगरानी तंत्र को और प्रभावी बनाने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









