Chaibsa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चिरिया क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सक्रिय नेता एवं सेल के ठेकेदार मनोहर झा का शनिवार रात निधन हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोहर झा पिछले कुछ समय से आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्हें लगभग नौ माह से काम नहीं मिल रहा था, जिसके कारण वे तनाव में थे। पिछले कुछ दिनों से वह अपने आवास में अकेले रह रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे।
रविवार सुबह स्थानीय लोगों को उनके घर में उनकी असामान्य स्थिति की जानकारी मिली, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चिरिया ओपी प्रभारी वाहिद अंसारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मनोहर झा झामुमो के सक्रिय कार्यकर्ता होने के साथ-साथ सेल से जुड़े ठेकेदारी कार्यों में भी सक्रिय थे। उनके निधन की खबर फैलते ही चिरिया, मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों से जुड़े कई लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मनोहर झा का क्षेत्र में सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके निधन को क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।








