Gamharia : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना के समीप शनिवार को एक सड़क दुर्घटना में हुंडई योना कार (JH 05 BF 1252) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सिग्नल पोल से जा टकराई। दुर्घटना में चालक सुरक्षित बच गया, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद कार सीधे सिग्नल पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला भाग क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने चालक से दुर्घटना के कारणों को लेकर पूछताछ की, लेकिन चालक कोई स्पष्ट कारण नहीं बता सका। प्रारंभिक जांच और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद पुलिस ने चालक को वाहन के साथ जाने की अनुमति दे दी।
दुर्घटना के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा रही। पुलिस ने लोगों को हटाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।








