‘चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो’ कार्यक्रम में महिलाओं को माहवारी स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Manoharpur : मनोहरपुर प्रखंड के मनीपुर मैदान में गुरुवार को जेएसएलपीएस महिला समूहों के तत्वावधान में “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कर उन्हें जागरूक बनाना था।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रखंड श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अजय कुमार एवं चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनिल कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने महिलाओं और किशोरियों को माहवारी से जुड़े मिथकों को तोड़ने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

अपने संबोधन में अजय कुमार ने कहा कि माहवारी महिलाओं के जीवन की एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन आज भी समाज में इससे जुड़े कई भ्रम और गलत धारणाएं मौजूद हैं। उन्होंने महिला समूहों की दीदियों से अपील की कि वे माहवारी स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता का संदेश गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं।

वहीं चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक गांव में किशोर-किशोरी समूहों का गठन किया गया है, जहां युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी जाती है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण इन समूहों तथा सहिया कार्यकर्ताओं से स्वास्थ्य संबंधी सलाह और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

डॉ. कुमार ने माहवारी के दौरान होने वाले पेट और कमर दर्द को सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा बताते हुए जरूरत पड़ने पर एएनएम अथवा स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क करने की सलाह दी। उन्होंने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, हीमोग्लोबिन की कमी होने पर आयरन की गोलियों का सेवन करने तथा संतुलित एवं पौष्टिक भोजन लेने की भी सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने हालिया स्वास्थ्य सर्वेक्षण का हवाला देते हुए बताया कि नंदपुर पंचायत में फाइलेरिया के अपेक्षाकृत अधिक मामले सामने आए हैं। उन्होंने फाइलेरिया और मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए नियमित रूप से मच्छरदानी के उपयोग पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में महिला समूहों की सदस्यों ने माहवारी स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने की शपथ ली। इसके बाद जागरूकता रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जेएसएलपीएस के बीपीएम नरेश कुमार, मो. इमरान, धीरज पाल सहित बड़ी संख्या में महिला समूहों की सदस्य और ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें