Ranchi : झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने राज्य के विभिन्न जिलों में अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े संवेदनशील मामलों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में हजारीबाग, धनबाद और जमशेदपुर में सामने आई घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आयोग अध्यक्ष ने बताया कि बच्चों की निर्मम हत्या के मामले की जांच के लिए आयोग की ओर से पूर्व में एक जांच दल हजारीबाग भेजा गया था। उस समय पुलिस प्रशासन ने मामले के खुलासे के लिए एक सप्ताह का समय मांगा था, लेकिन अब तक न तो अपराधियों की गिरफ्तारी हो सकी है और न ही मामले का संतोषजनक समाधान सामने आया है।
उन्होंने कहा कि हजारीबाग के केदु गांव में दो नाबालिग बच्चों के लापता होने के बाद उनके शव बरामद होने की घटना ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। वहीं धनबाद के झरिया क्षेत्र में दिलशाद अंसारी की हत्या और जमशेदपुर के साकची बाजार से तीन वर्षीय बच्ची आफरीन के लापता होने की घटनाएं भी गंभीर चिंता का विषय हैं।
आफरीन के मामले में प्रारंभिक कार्रवाई पर उठाए सवाल
हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि साकची बाजार से लापता हुई तीन वर्षीय बच्ची आफरीन का मामला अत्यंत संवेदनशील है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिजनों ने बच्ची के लापता होने की सूचना तत्काल पुलिस को दी थी, लेकिन आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज करने में देरी हुई। उन्होंने कहा कि आयोग यह जानना चाहता है कि शुरुआती स्तर पर कानूनी प्रक्रिया में विलंब क्यों हुआ और इस संबंध में जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जमशेदपुर पुलिस बच्ची को सुरक्षित बरामद कर जल्द उसके परिवार तक पहुंचाने में सफल होगी।
एसएसपी और एसपी को भेजे गए पत्र
अल्पसंख्यक आयोग ने हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक, धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर मामलों की निष्पक्ष, त्वरित और व्यापक जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। आयोग ने अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
धनबाद में कार्रवाई नहीं हुई तो दौरा करेगी आयोग की टीम
हिदायतुल्लाह खान ने बताया कि उन्होंने धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर बात कर दो दिनों के भीतर मामले में ठोस कार्रवाई और अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अपेक्षित प्रगति नहीं हुई तो आयोग की टीम झरिया का दौरा कर मामले की विस्तृत समीक्षा करेगी।
4 जून को हजारीबाग दौरे पर जाएंगे आयोग अध्यक्ष
आयोग अध्यक्ष ने बताया कि वह 4 जून को हजारीबाग का दौरा करेंगे। इस दौरान सर्किट हाउस में जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक कर केदु गांव में दो बच्चों की हत्या के मामले की जांच की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई कार्रवाई और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना प्राथमिकता
हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि आयोग किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ेगा। आयोग सभी मामलों की लगातार निगरानी कर रहा है और प्रशासन से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य केवल रिपोर्ट प्राप्त करना नहीं, बल्कि पीड़ितों को न्याय दिलाना और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाना है।
उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों के लापता होने और हत्या जैसी घटनाएं किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को प्रभावित कर रही हैं। ऐसे मामलों में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच ही सच्चाई सामने ला सकती है तथा जनता का विश्वास कायम रख सकती है।









