रजो संक्रांति मेले की तैयारियां तेज, मुक्तेश्वर धाम हरिणा में भाजपा नेताओं ने किया स्थल निरीक्षण

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur :  आगामी 15 जून से रजो संक्रांति के पावन अवसर पर मुक्तेश्वर धाम, हरिणा में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस धार्मिक मेले में हरिणा एवं आसपास के क्षेत्रों के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम के पटमदा समेत विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते हैं तथा अपनी मनोकामनाएं व्यक्त करते हैं। मनोकामना पूर्ण होने पर श्रद्धालु दंडी भक्ता, गड़ी भक्ता एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं।

मेले की तैयारियों एवं विभिन्न समस्याओं को लेकर भाजपा कोवाली मंडल अध्यक्ष श्यामल महाकुड़ की अध्यक्षता में हरिणा में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा नेता मनोज कुमार सरदार ने कहा कि शराबबंदी के बावजूद मेले के आसपास अवैध रूप से शराब की बिक्री की जाती है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी होती है और धार्मिक माहौल प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि सरकारी डाक की व्यवस्था नहीं होने के कारण राजस्व की भी क्षति होती है। साथ ही मेले में आने वाले दुकानदारों, मौत का कुआं, सर्कस एवं जादूगर जैसे मनोरंजन आयोजनों से समिति द्वारा मनमाने ढंग से शुल्क वसूले जाने का भी आरोप लगाया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दंडी भक्तों के लिए आस्था से जुड़े पुराने मार्ग को यथावत सुरक्षित रखा जाए। इसके अलावा पड़ा भक्ता (लुढ़ककर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं) के मार्ग की मरम्मत कराने तथा कोवाली से हरिणा तक मुख्य सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

बैठक में कमल नायक, अंजन दास, बादल सीट, रत्नाकर महतो, कुशध्वज बेहरा, प्रकाश सरदार, पर्वत नायक, वासुदेव दास, रघुनंदन दास एवं असनी बाबाजी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider does not exist.

और पढ़ें