बूथ स्तर को मजबूत करने का आह्वान, सिदगोड़ा में झामुमो का BLA प्रशिक्षण शिविर संपन्न

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा एक दिवसीय बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ता (BLA) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

प्रशिक्षण शिविर में केंद्रीय समिति के सदस्यों, जिला समिति के पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, प्रखंड अध्यक्षों, पंचायत अध्यक्षों तथा जिले के विभिन्न बूथों से चयनित बड़ी संख्या में BLA ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रतिभागियों को मतदान प्रक्रिया, मतदाता सूची प्रबंधन, बूथ संचालन और संगठनात्मक दायित्वों से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाना और कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रक्रियाओं के प्रति अधिक जागरूक एवं सक्षम बनाना था।

मुख्य अतिथि विनोद कुमार पाण्डे ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में बूथ समितियों और BLA की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक BLA की जिम्मेदारी है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे और उसके लोकतांत्रिक अधिकार सुरक्षित रहें।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क एवं सक्रिय रहने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक मतदाताओं और मजबूत संगठनात्मक ढांचे पर निर्भर करती है। बूथ स्तर पर सशक्त संगठन ही चुनावी सफलता की आधारशिला होता है।

शिविर में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विधायक सबिता महतो, मंगल कालिंदी, संजीव सरदार, सोमेश चन्द्र सोरेन, मोहन कर्मकार, शेख बदरुद्दीन, हिदायत खान, प्रमोद लाल, सुमन महतो, राजू गिरी, कुणाल षड़ंगी, लक्ष्मण टुडू, बारी मुर्मू, पंकज सिन्हा, सोमवारी सोरेन, सरोज महापात्र सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति ने किया।

Leave a Comment

The specified slider does not exist.

और पढ़ें