Jamshedpur : खासमहल से परसुडीह होते हुए गोविंदपुर तक जाने वाली मुख्य सड़क का निर्माण कार्य अधूरा रहने से क्षेत्रवासियों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। टेंडर स्वीकृत होने और शिलान्यास के बाद कुछ समय तक निर्माण कार्य चला, लेकिन बाद में काम बंद हो जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है।
इसी मुद्दे को लेकर जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं संवेदक के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्माण कार्य में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जल्द कार्य शुरू करने का निर्देश दिया।
विधायक ने कहा कि वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयासों से इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का शिलान्यास किया गया था। सड़क निर्माण पूरा होने से हजारों लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलती, लेकिन विभागीय उदासीनता और कार्य में देरी के कारण जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंगल कालिंदी ने अधिकारियों और संवेदक को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अगले 10 दिनों के भीतर हर हाल में निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास योजनाओं में लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान विधायक ने सड़क निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने की बात कही और कहा कि परियोजना की प्रगति पर लगातार नजर रखी जाएगी। उन्होंने इस संबंध में विभाग के वरीय अधिकारियों एवं सचिव से दूरभाष पर बातचीत कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी की।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित इस परियोजना का कार्य अब तेजी से पूरा होगा और क्षेत्र को बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी।







