Seraikela : स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित “चुप्पी तोड़ो–स्वस्थ रहो” अभियान के तहत सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न पंचायतों, गांवों एवं शहरी क्षेत्रों में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा और जागरूकता से जोड़ना है।
अभियान के तहत गोष्ठी, जागरूकता रैली, समूह चर्चा, शपथ ग्रहण, दीवार लेखन एवं अन्य जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित स्वच्छता सामग्री के उपयोग तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों में विशेषज्ञों एवं प्रशिक्षकों ने माहवारी को महिलाओं के जीवन की एक सामान्य जैविक प्रक्रिया बताते हुए इससे जुड़े सामाजिक मिथकों, भ्रांतियों एवं संकोच को दूर करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही स्वच्छता अपनाने से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की भी जानकारी साझा की गई।
जिला प्रशासन ने अभियान को सफल बनाने के लिए आमजन, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वयं सहायता समूहों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। प्रशासन का मानना है कि माहवारी स्वच्छता को लेकर खुली चर्चा और जागरूकता से महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य और आत्मविश्वास में सकारात्मक बदलाव आएगा।
अभियान के दौरान लोगों को यह संदेश भी दिया गया कि माहवारी कोई शर्म या संकोच का विषय नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा है, जिस पर खुलकर संवाद होना आवश्यक है।








