Manoharpur : मनोहरपुर थाना क्षेत्र के पुराना मनोहरपुर स्थित नायक टोला में जहरीले सांप के डसने से एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान 60 वर्षीय रमाशंकर नायक के रूप में हुई है। घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार रमाशंकर नायक गांव के समीप तालाब की ओर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान झाड़ियों के बीच छिपे एक जहरीले सांप ने उनके बांये पैर में डस लिया। सांप के काटते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वे दर्द से तड़पने लगे। शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी।
ग्रामीणों एवं परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मनोहरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचाने के कारण उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इधर, क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सर्पदंश की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। गर्मी बढ़ने के साथ ही जहरीले सांप रिहायशी इलाकों एवं जलस्रोतों के आसपास अधिक दिखाई देने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से रात के समय सुनसान एवं झाड़ियों वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने, टॉर्च का उपयोग करने तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है।













