Guwa : किरीबुरू स्थित बिरसा मुंडा स्मारक से धनुष में लगी कॉपर की रस्सी चोरी होने के मामले को लेकर बिरसा स्मारक सेवा समिति, किरीबुरू-मेघाहातुबुरू-प्रोस्पेक्टिंग के पदाधिकारियों ने किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार से मुलाकात कर घटना पर गंभीर चर्चा की। समिति और पुलिस दोनों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
प्रतिनिधिमंडल में समिति के महासचिव अमर सिंह सुंडी, बीरबल गुड़िया, सेरगेया अंगारिया, माधव चन्द्र कोड़ा, बलभद्र बिरुली, प्रदीप चातर, भीमसेन मारला और गोपी लागुरी शामिल थे।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि बिरसा मुंडा स्मारक आदिवासी समाज की आस्था और गौरव का प्रतीक है। ऐसे में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाना जरूरी है। समिति ने कुछ संदिग्ध बच्चों और युवकों की गतिविधियों पर संदेह जताते हुए देर रात तक घूमने वालों पर निगरानी रखने, रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की।
पदाधिकारियों ने कहा कि थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस बेहतर कार्य कर रही है, लेकिन असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अतिरिक्त सतर्कता आवश्यक है।
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने समिति को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और इसमें शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने का प्रयास जारी है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी सेल प्रबंधन को शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए पत्र भेजा गया था। अब पुनः सेल प्रबंधन से मिलकर जल्द कैमरे लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया जाएगा, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके और अपराध नियंत्रण को और मजबूत बनाया जा सके।













