जमशेदपुर: पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर (पश्चिम) पंचायत अंतर्गत स्कूल मोहल्ला स्थित कम्युनिटी हॉल में रविवार को संजीव सरदार फैन्स क्लब के तत्वावधान में क्योरबे अस्पताल, हाता के सहयोग से निशुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार द्वारा किया गया। शिविर में अस्पताल के चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा दवाइयों का निशुल्क वितरण किया गया। कुल 205 लोगों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

मौके पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद क्षेत्र के युवाओं द्वारा क्योरबे अस्पताल के सहयोग से इस प्रकार का स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए इस तरह के प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। विधायक ने क्योरबे अस्पताल प्रबंधन से भविष्य में सुदूर गांवों में भी ऐसे शिविर आयोजित करने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर जांच कराने की अपील करते हुए विधायक ने कहा कि गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को समय पर इलाज और दवा उपलब्ध कराना सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने शिविर में मौजूद चिकित्सकों एवं आयोजकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, पूर्व मुखिया सैयद जबीउल्ला, झामुमो नेता सुनील महतो, बबलू चौधरी, मुखिया कार्तिक मुर्मू, वार्ड सदस्य आफताब हुसैन, मो. बाला, देव पालित, मो. जमाल समेत कई लोग उपस्थित थे। आयोजन को सफल बनाने में सैयद समीउल्लाह, रिज्जु, लड्डन, समीर, दिलघोष, दशमत, पुतुल प्रधान, बबलू प्रधान, क्योरबे अस्पताल के डॉ. अमित कुमार, अभिजीत कुमार गोंड, शशि कात्यायनी, आभा और रनोज सरकार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।













