जमशेदपुर: पोटका विधानसभा क्षेत्र के हाता-तिरिंग मेन रोड स्थित उड़ीसा बॉर्डर के समीप बनकटा गांव की तिरिंग घाटी काली मंदिर क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। रविवार को पोटका विधायक Sanjeev Sardar ने क्षेत्र का निरीक्षण कर वहां मौजूद प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की संभावनाओं का जायजा लिया। घने जंगलों और मनमोहक वातावरण से घिरे इस इलाके को आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि तिरिंग घाटी क्षेत्र प्राकृतिक रूप से बेहद समृद्ध है और हर वर्ष झारखंड एवं उड़ीसा से बड़ी संख्या में लोग यहां घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विकास को लेकर जल्द ही वन विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि योजनाबद्ध तरीके से पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जा सके। विधायक ने कहा कि झारखंड और उड़ीसा के लोगों के सामाजिक एवं पारिवारिक संबंध भी इस क्षेत्र से जुड़े हैं, जिससे यह स्थान दोनों राज्यों के लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन सकता है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल विकसित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। छोटे दुकानदारों, स्थानीय हस्तशिल्प, खानपान और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी सीधा लाभ पहुंचेगा। सरकार का उद्देश्य केवल पर्यटन को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि सीमावर्ती गांवों की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना भी है।
विधायक ने बताया कि प्रस्तावित पर्यटन स्थल में बच्चों के खेलने की व्यवस्था, पिकनिक स्पॉट, बैठने की सुविधा और प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप अन्य जरूरी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि तिरिंग घाटी को ऐसा स्वरूप दिया जाएगा जहां परिवार के साथ लोग सुरक्षित और बेहतर माहौल में समय बिता सकें। इसे पोटका विधानसभा क्षेत्र के लिए विधायक का एक और महत्वपूर्ण विकासात्मक कदम माना जा रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं ने विधायक की इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि यदि यहां पर्यटन स्थल विकसित होता है तो क्षेत्र की पहचान बढ़ेगी और आसपास के लोगों को रोजगार व व्यवसाय के नए अवसर प्राप्त होंगे।














