नीमडीह के सबर टोला में प्रशासन का विशेष सर्वे, दस्तावेज सत्यापन और योजनाओं की समीक्षा

SHARE:

Adityapur : नीमडीह प्रखंड अंतर्गत बरेदा पंचायत के सबर टोला में अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी एवं उनकी टीम ने संबंधित बीएलओ के साथ अनमैप्ड डाटा वेरिफिकेशन को लेकर क्षेत्र भ्रमण किया। इस दौरान टीम ने लगभग 70 खड़िया परिवारों से संवाद स्थापित कर आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कुछ परिवारों के पास आधार कार्ड उपलब्ध पाए गए। अंचल अधिकारी ने निर्देश दिया कि आगामी मंगलवार को संबंधित राजस्व कर्मचारी की उपस्थिति में सभी खड़िया परिवार बरेदा पंचायत भवन स्थित प्रज्ञा केंद्र में उपलब्ध दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों, ताकि जाति प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

भ्रमण के दौरान महिलाओं से स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली गई। ग्रामीणों ने बताया कि प्रत्येक सप्ताह एएनएम गांव पहुंचती हैं, हालांकि क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था में कमी पाई गई। वहीं बच्चों से शिक्षा को लेकर पूछताछ में कल्पना सबर, दिव्या सबर, दीपाली सबर और चिरंजी सबर सहित अन्य बच्चों ने नियमित रूप से विद्यालय जाने की जानकारी दी।

ग्रामीणों ने बताया कि डाकिया योजना के तहत मिलने वाले चावल-दाल के अलावा वे स्वयं सब्जी उत्पादन करते हैं तथा लघु वन उपज को स्थानीय साप्ताहिक हाट में बेचकर आजीविका चलाते हैं। रोजगार के संबंध में अधिकांश परिवारों ने बताया कि वे काम के लिए बाहर जाते हैं और शाम तक वापस लौट आते हैं।

कुछ परिवारों द्वारा पेंशन नहीं मिलने की शिकायत भी की गई, जिस पर अंचल अधिकारी एवं उनकी टीम ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही अगले 15 दिनों के बाद पुनः क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति एवं स्थिति में सुधार का आकलन करने की बात कही गई।

इस दौरान ग्रामीणों ने सबर टोला को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली पीसीसी सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताई। अंचल अधिकारी ने संबंधित विभाग को मामले से अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिया।

ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों के गांव पहुंचकर सीधे संवाद स्थापित करने और समस्याओं को सुनकर समाधान की पहल करने पर खुशी जताई। स्थानीय लोगों ने इसे प्रशासन की संवेदनशील और सकारात्मक पहल बताया।

Leave a Comment

और पढ़ें