सरायकेला-खरसावां की 20 पंचायतों में पीएम-जनमन एवं डीए-जेगुआ जागरूकता शिविर आयोजित

SHARE:

Adityapur : जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में संचालित पीएम-जनमन (PM-JANMAN) एवं डीए-जेगुआ (DA-JGUA) कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिले के नौ प्रखंडों की 20 चयनित पंचायतों में विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण शिविर आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के अंतर्गत सरायकेला प्रखंड के गोविंदपुर एवं हुदू पंचायत, खरसावां के जोरडीहा एवं कृष्णापुर, कुचाई के बारूहातु एवं रोलाहातु, राजनगर के कुड़मा, डूमरडीहा एवं तुमुंग, गम्हरिया के बांधडीह, नारायणपुर एवं टेंटोपोसी, चांडिल के मातकमडीह एवं धुनाबुरु, नीमडीह के बाडेदा, ईचागढ़ के देवलटांड एवं नदीसाई तथा कुकड़ू प्रखंड के बेरासिरुम, लोटेमदा एवं ईचाडीह पंचायतों में शिविर लगाए गए।



शिविरों में पेंशन विभाग, कृषि विभाग, आपूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, बाल विकास परियोजना विभाग, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), मनरेगा समेत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।



इस दौरान पात्र लाभुकों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से आच्छादित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आधार पंजीकरण एवं सुधार, मनरेगा और स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही। कई पात्र लाभुकों के बीच मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने शिविरों का निरीक्षण कर योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर योग्य लाभुकों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, मुखिया, पंचायत सचिव, प्रखंड कर्मी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें