डुमटांड़ गांव में जंगली हाथियों का उत्पात, दो घर तोड़े, अनाज किया बर्बाद

SHARE:

Chandil : ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बोड़ा पहाड़ में 6 और पिलीद जंगल में 1 जंगली हाथी के डेरा जमाए होने से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। शाम ढलते ही हाथी भोजन और पानी की तलाश में गांवों की ओर रुख कर रहे हैं और जमकर उत्पात मचा रहे हैं।

बीते गुरुवार देर रात डुमटांड़ गांव में जंगली हाथियों ने भारी नुकसान पहुंचाया। हाथियों ने गांव निवासी लव सिंह मुंडा एवं लक्ष्मी नारायण सिंह मुंडा के घरों को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही घर में रखा अनाज भी खा गए, जिससे पीड़ित परिवारों को काफी नुकसान उठाना पड़ा।

घटना की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को वन विभाग की टीम गांव पहुंची और क्षति का जायजा लिया। विभागीय अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता और नियमानुसार मुआवजा प्रक्रिया का भरोसा दिलाया।

ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण जंगलों में पानी और भोजन की कमी हो गई है, जिसके चलते हाथी लगातार आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ रहे हैं। इससे गांवों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। लोग रातभर जागकर हाथियों से अपनी जान-माल की रक्षा करने को मजबूर हैं।

वहीं वन विभाग की ओर से हाथियों को गांवों की ओर आने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग ने क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को सक्रिय किया है, जो प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी कर ग्रामीणों को सतर्क कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि हाथियों के नजदीक न जाएं और किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।

Leave a Comment

और पढ़ें