ईचागढ़ विधानसभा के सांसद प्रतिनिधि बने मनोज कुमार महतो, भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी

SHARE:

Chandil : भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं भाजपा सरायकेला-खरसावां के निवर्तमान जिला मंत्री मनोज कुमार महतो को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री द्वारा ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र का सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी का माहौल है।

नियुक्ति की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मनोज कुमार महतो को बधाई दी और इसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया। मनोज कुमार महतो लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं और किसान मोर्चा सहित विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं।

नियुक्ति के बाद मनोज कुमार महतो ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी और केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा तथा केंद्र सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में भी सक्रिय रूप से कार्य किया जाएगा।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि मनोज कुमार महतो के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ क्षेत्र की जनता और पार्टी दोनों को मिलेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें