Jadugoda : लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (झालक्रामो) पूर्वी सिंहभूम के प्रतिनिधिमंडल ने पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आसनबनी पंचायत के तिलामुड़ा–कुलियाना स्वर्णरेखा नदी घाट पर निर्माणाधीन पुल में अनियमितता एवं घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए जिला उपायुक्त राजीब रंजन को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पोटका विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी भागीरथी हांसदा उर्फ बिल्टू ने किया। ज्ञापन में निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा पुल के पुनर्निर्माण की मांग की गई।
झालक्रामो नेताओं का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे पुल की मजबूती और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इसकी निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त राजीब रंजन ने तत्काल संबंधित पदाधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से जांच के निर्देश दिए। प्रशासनिक स्तर पर जल्द जांच प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई है।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला उपाध्यक्ष बिमल महतो, भुदेव महतो, वरिष्ठ नेता फनी महतो, तपन महतो, राजा कालिंदी, उज्जल महतो, नगर अध्यक्ष राम प्रसाद महतो, जमशेदपुर प्रखंड अध्यक्ष दीपक महतो, जुगांतर महतो सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।












