सरायकेला में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 42 लीटर अवैध बीयर जब्त; दो चुलाई अड्डे ध्वस्त

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : जिले में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ईचागढ़ और सीनी ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध बीयर की खेप जब्त की तथा दो चुलाई अड्डों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने 20 मई की रात करीब 10 बजे ईचागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बामनडीह में छापेमारी की। इस दौरान पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए लाई गई बड़ी मात्रा में बीयर बरामद की गई। विभाग ने Hywards Bold Beer (650 एमएल) की 55 बोतलें, Tuborg Beer (650 एमएल) की 5 बोतलें तथा Kingfisher Beer (650 एमएल) की 5 बोतलें जब्त कीं। कुल मिलाकर 42.25 लीटर अवैध बीयर बरामद हुई।

इसके अगले दिन 21 मई की सुबह करीब 7 बजे सरायकेला थाना अंतर्गत सीनी ओपी क्षेत्र के ग्राम महादेवपुर में उत्पाद विभाग ने छापेमारी अभियान चलाया। यहां संचालित दो अवैध चुलाई अड्डों को ध्वस्त कर दिया गया। मौके से 1200 किलोग्राम जावा महुआ और 60 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।

उत्पाद विभाग ने सभी अवैध उत्पादों को जब्त कर लिया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनके खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समाज में सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.