Jamshedpur : शहर के बारीडीह निवासी 8 वर्षीय आदित्य राज ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की मॉडलिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल कर जमशेदपुर का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय गुरुवार को उनके आवास पहुंचे और मुलाकात कर शुभकामनाएं देते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
आदित्य राज ने मिस/मिस्टर/मिसेज/किड्स मॉडलिंग-डांस प्रतियोगिता (इंडिया-एशिया) में हिस्सा लिया था। यह प्रतियोगिता 16 और 17 मई को आदित्यपुर स्थित द क्रूज होटल में आयोजित हुई थी। प्रतियोगिता में विभिन्न चरणों को मिलाकर कुल 13 राउंड आयोजित किए गए थे, जिसमें आदित्य राज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रनर-अप का स्थान प्राप्त किया।
आदित्य की मां वर्षा श्रीवास्तव ने बताया कि उनके बेटे ने मॉडलिंग श्रेणी में भाग लिया था और अपनी प्रतिभा व आत्मविश्वास से निर्णायकों को प्रभावित किया। इतनी कम उम्र में मिली इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है।
आदित्य राज के पिता सतीश कुमार हैं। वहीं उनके नाना दीपक श्रीवास्तव रामकृष्ण मिशन इंग्लिश स्कूल, बिष्टुपुर में गेम्स टीचर रह चुके हैं, जबकि नानी रीतू श्रीवास्तव गृहिणी हैं। अपने नाती की उपलब्धि पर दोनों बेहद गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
मौके पर विधायक सरयू राय ने आदित्य राज की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि शहर के बच्चे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने आदित्य को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से वह आगे और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगा।












