Manoharpur : मनोहरपुर प्रखंड के सभी विद्यालयों में बुधवार को “तिथि भोजन सह जन्मोत्सव” कार्यक्रम उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्सव के माहौल में सराबोर रहे।

कार्यक्रम के दौरान मई माह में जन्मे बच्चों का सामूहिक जन्मदिन भी मनाया गया। विद्यालयों में केक काटकर बच्चों को शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। जन्मोत्सव को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर श्रम अधीक्षक निशांत तिर्की, सदर एलआरडीसी चित्रा मुरमू, बीडीओ शक्ति कुंज, सीओ प्रदीप कुमार, श्रम पदाधिकारी अजय कुमार एवं शिक्षा विभाग के बीआरपी यशवंत कटियार ने अपग्रेड हाई स्कूल दोदारी और अपग्रेड हाई स्कूल ढीपा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।
अधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर तिथि भोजन ग्रहण किया तथा जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों के साथ केक भी काटा। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में आपसी भाईचारा, उत्साह और विद्यालय के प्रति जुड़ाव बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।













