टीएमएच ने शुरू की 24×7 हेल्पलाइन ‘टीएमएच साथी’, मरीजों को मिलेगी चौबीसों घंटे सहायता

SHARE:

Jamshedpur : टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ने मरीज सहायता सेवाओं को और अधिक सशक्त एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से ‘टीएमएच साथी’ नामक 24×7 हेल्पलाइन सेवा की शुरुआत की है। यह नई सुविधा पेशेवर कॉल सेंटर सेवा प्रदाता मेसर्स डिजिटाइड के सहयोग से विकसित की गई है।

इस पहल की घोषणा मीडिया संवाद कार्यक्रम के दौरान की गई, जिसमें टाटा स्टील मेडिकल सर्विसेज़ की जनरल मैनेजर डॉ. विनीता सिंह उपस्थित थीं।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार इससे पहले टीएमएच में सीमित समय के दौरान ओपीडी अपॉइंटमेंट बुकिंग के लिए इन-हाउस टेलीफोनिक डेस्क संचालित किया जाता था। लेकिन ‘टीएमएच साथी’ के माध्यम से अब मरीजों को चौबीसों घंटे एकीकृत एवं पेशेवर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

033-6902 2333 नंबर पर उपलब्ध यह हेल्पलाइन टीएमएच क्लीनिक, टीएमएच टिनप्लेट तथा आरोग्य भवन हेल्थ चेक-अप सेंटर से जुड़ी सेवाओं के लिए सहायता प्रदान करेगी।

इस प्लेटफॉर्म के जरिए मरीज ओपीडी अपॉइंटमेंट बुकिंग, रीशेड्यूलिंग, शिकायत प्रबंधन, प्रतिक्रिया दर्ज कराने एवं अन्य सहायता सेवाओं का लाभ एक ही माध्यम से ले सकेंगे।

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस नई व्यवस्था का उद्देश्य मरीजों को तेज प्रतिक्रिया, प्रभावी समाधान तथा बेहतर सेवा अनुभव उपलब्ध कराना है। साथ ही शिकायत निवारण प्रक्रिया को भी अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जाएगा।

टाटा स्टील मेडिकल सर्विसेज़ के अधिकारियों ने कहा कि ‘टीएमएच साथी’ स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, त्वरित और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में टीएमएच की महत्वपूर्ण पहल है।

इस नई सेवा के साथ टाटा मेन हॉस्पिटल ने मरीजों की सुविधा बढ़ाने और समुदाय को हर समय भरोसेमंद स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।

Leave a Comment

और पढ़ें