बट सावित्री व्रत पर सुहागिन महिलाओं ने की पूजा-अर्चना, पति की लंबी आयु की मांगी कामना

SHARE:

Guwa : गुवा क्षेत्र में शनिवार को सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि एवं अखंड सौभाग्य की कामना के साथ बट सावित्री व्रत श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया। सुबह से ही मंदिरों और पूजा स्थलों पर महिलाओं की भीड़ देखी गई।

सुबह लगभग 6 बजे से गुवा बाजार स्थित शिव मंदिर, योग नगर स्थित शिव मंदिर समेत विभिन्न मंदिरों एवं घरों में महिलाओं ने विधि-विधान के साथ बट सावित्री की पूजा-अर्चना की। व्रत रखने वाली महिलाओं ने भगवान से अपने पति की दीर्घायु और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।

पूजा के दौरान मंदिरों में पुजारियों द्वारा विधिवत अनुष्ठान कराया गया तथा महिलाओं को सावित्री-सत्यवान की कथा सुनाई गई। कथा के माध्यम से व्रत के धार्मिक महत्व और परंपरा की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर महिलाओं ने बरगद (वट) वृक्ष की विशेष पूजा की। उन्होंने पेड़ की परिक्रमा कर सूत का धागा बांधा और अखंड सौभाग्य की कामना की।

पूरे गुवा क्षेत्र में बट सावित्री व्रत को लेकर श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा संपन्न कर परिवार की सुख-शांति की मंगलकामना की।

Leave a Comment