हाता बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स का विधायक संजीव सरदार ने किया निरीक्षण, खामियां दूर करने का निर्देश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पोटका प्रखंड के हाता बिरसा चौक में निर्माणाधीन बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स का बुधवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने निरीक्षण किया। झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा करीब 4.50 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस परियोजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी एवं संवेदक भी मौजूद रहे।

विधायक संजीव सरदार ने निर्माण कार्य का बारीकी से जायजा लेते हुए कार्य में पाई गई कुछ खामियों पर नाराजगी जताई और अधिकारियों एवं संवेदक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के बाद विधायक ने बताया कि भवन के डिजाइन एवं तकनीकी कार्यों में कुछ कमियां सामने आई हैं। साथ ही भवन के कुछ हिस्सों में पानी रिसाव की समस्या भी पाई गई है। उन्होंने संबंधित एजेंसी को तत्काल इन खामियों को दूर करने का निर्देश दिया। विधायक ने विभागीय अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने का भी निर्देश दिया ताकि कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो सके।

उन्होंने कहा कि हाता बिरसा चौक क्षेत्र का प्रमुख चौराहा है, जहां से प्रतिदिन हजारों यात्री बंगाल, ओडिशा सहित अन्य राज्यों के लिए सफर करते हैं। बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स के शुरू होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा, जिससे सड़क चौड़ी होगी और जाम की समस्या में भी कमी आएगी।

विधायक ने कहा कि राज्य सरकार आधारभूत संरचना को मजबूत करने और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही कॉम्प्लेक्स का निर्माण पूरा कर जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान हरिओम कंस्ट्रक्शन के संवेदक मुकेश सिंह, जिला परिषद के जिला अभियंता नकुल ठाकुर, जूनियर इंजीनियर राकेश कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें