Adityapur : समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं नियमित अनुश्रवण को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के अंतर्गत स्वीकृत और प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (PMKKKY) के तहत प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित क्षेत्रों की संशोधित सूची के अनुमोदन पर चर्चा की गई।
इसके साथ ही DMFT के माध्यम से संचालित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं एवं प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 के ऑडिट एवं वार्षिक प्रतिवेदन की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि DMFT अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, सिंचाई एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर बल दिया।
बैठक में स्थानीय आवश्यकताओं एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए विकासोन्मुख योजनाओं के चयन पर भी चर्चा हुई, ताकि खनन प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा सके और आम लोगों को योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।
इसके अलावा आगामी पांच वर्षीय परिप्रेक्ष्य योजना तैयार करने के लिए बेसलाइन सर्वेक्षण कराने तथा आगामी वित्तीय वर्षों के ऑडिट कार्यों के अनुमोदन पर भी चर्चा की गई। विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति, क्रियान्वयन प्रगति एवं भावी कार्ययोजना की समीक्षा भी बैठक में की गई।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. नकुल चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रदीप उरांव, रिसर्च एसोसिएट, समिति के विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता एवं अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।











