Adityapur : स्थानीय थाना पुलिस द्वारा सोमवार को उच्च विद्यालय तितिरबिला में छात्र-छात्राओं के बीच विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को नशा, बाल विवाह, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध जैसे गंभीर मुद्दों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थाना प्रभारी विनय कुमार ने छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय की विभिन्न सामाजिक एवं डिजिटल चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिला अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधान, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध कानून तथा महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर बच्चों को जागरूक किया।
थाना प्रभारी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में बच्चों को तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, आपातकालीन सेवा डायल 112 तथा साइबर फ्रॉड की शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1930 के उपयोग की जानकारी दी।
डिजिटल अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए विनय कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर फ्रॉड और “डिजिटल अरेस्ट” जैसे नए तरीके के अपराध तेजी से सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह देते हुए बच्चा चोरी जैसी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।











