Adityapur : उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार आयुष विभाग द्वारा आयुरविद्या कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं योग वेलनेस शिविर आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करना था।
आमदा-डुमरा क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पदमपुर में आयोजित स्वास्थ्य एवं वेलनेस शिविर में कुल 52 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (ACHO) डॉ. गजाला परवीन द्वारा किया गया। जांच के बाद जरूरत के अनुसार विद्यार्थियों के बीच दवाओं का भी वितरण किया गया।

इस अवसर पर योग प्रशिक्षक प्रेमाशीष महतो द्वारा योग वेलनेस सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को नियमित योग, शारीरिक स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान पांच योग मित्रों को टी-शर्ट, कैप एवं बैज देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी द्वारा जनुम क्षेत्र में वयोवृद्ध स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा दवाओं का वितरण किया गया।
वहीं आमदा-खरसावां क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डिटसाई में भी स्वास्थ्य एवं वेलनेस शिविर आयोजित किया गया। यहां कुल 43 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (ACHO) डॉ. डिंपल कुंकल द्वारा किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक भवानी शंकर एवं रश्मि महतो ने योग वेलनेस सत्र आयोजित कर विद्यार्थियों को योग एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पांच योग मित्रों को टी-शर्ट, कैप एवं बैज प्रदान किए गए।
आयुष विभाग ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यालय स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है।











