Jamshedpur : युवाओं की प्रतिभा को निखारने तथा खेल एवं स्वास्थ्य की संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में टाटा स्टील ने सोमवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बहुप्रतीक्षित समर कैंप 2026 का शुभारंभ किया। टाटा स्टील स्पोर्ट्स डिवीजन द्वारा आयोजित यह कैंप 11 मई से 31 मई 2026 तक संचालित होगा।
जमशेदपुर के अलावा टाटा स्टील के परिचालन क्षेत्रों टीएसके, टीएसएम और टीजीएस में भी इसी प्रकार के समर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे खेल, फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिल सके।

उद्घाटन समारोह में टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारी, कोच, अभिभावक एवं शहरभर से आए प्रतिभागी उपस्थित रहे। इस अवसर पर टाटा स्टील ने खेलों को सामुदायिक विकास और युवाओं के सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराई।
इस वर्ष के समर कैंप में अब तक करीब 2000 पंजीकरण दर्ज किए जा चुके हैं। कैंप की खास बात यह है कि इसमें 40 दिव्यांग बच्चों तथा टाटा स्टील फाउंडेशन के लगभग 100 बच्चों की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई है।
समर कैंप में इस बार 19 खेल एवं अन्य गतिविधियों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, फुटबॉल, स्विमिंग, योग, जुम्बा, कराटे, बॉक्सिंग, शतरंज, बास्केटबॉल, घुड़सवारी, रोलर स्केटिंग सहित कई गतिविधियां शामिल हैं। पिछले वर्ष की पहल को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी 4 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए रोल बॉल स्केटिंग को शामिल किया गया है।
इसके अलावा तेजी से लोकप्रिय हो रहे खेल पिकलबॉल को भी इस वर्ष कैंप में शामिल किया गया है, जिसमें सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। वयस्कों के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण, फिटनेस एवं वजन प्रबंधन से जुड़े विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
कैंप के दौरान सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति और तनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर नुक्कड़ नाटक एवं स्ट्रीट प्ले का आयोजन भी किया जाएगा। वहीं प्रतिभागियों को खेल पोषण और हाइड्रेशन को लेकर टाटा स्टील की इन-हाउस न्यूट्रिशनिस्ट द्वारा विशेष जानकारी दी जाएगी।
टाटा स्टील ने बताया कि सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सभी कोच एवं प्रशिक्षकों को पॉश एवं नैतिक आचरण संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया है।
समर कैंप 2026 के माध्यम से टाटा स्टील खेल उत्कृष्टता के साथ-साथ समग्र विकास और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के अपने विजन को लगातार मजबूत कर रही है।











