Potka : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) केंद्रीय कमिटी के निर्देश पर रविवार को पोटका प्रखंड कमिटी के तत्वावधान में तेतला स्थित इम्पेरियल रिसोर्ट में बैठक सह कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

शिविर में मुख्य रूप से एसआईआर प्रक्रिया, आगामी जनगणना और जनगणना प्रपत्र में सरना धर्म कोड दर्ज कराने को लेकर कार्यकर्ताओं को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झामुमो के पंचायत एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता सरकारी कर्मियों के साथ समन्वय बनाकर यह सुनिश्चित करेंगे कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रवासी या बाहर रहकर काम करने वाले मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रत्येक गांव के लिए बीएलओ नियुक्त किए गए हैं और झामुमो अपने बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को उनके सहयोगी के रूप में तैनात करेगा, ताकि ग्रामीण सही ढंग से जनगणना फॉर्म भर सकें।

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि वर्तमान जनगणना फॉर्म में सरना धर्म कोड का उल्लेख नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर जनगणना फॉर्म में सरना धर्म कोड शामिल करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि देश में लगभग 12 करोड़ आदिवासी सरना धर्म को मानते हैं और यदि जनगणना में उनकी अलग पहचान दर्ज नहीं हुई तो भविष्य में उनके अस्तित्व और सांस्कृतिक पहचान पर संकट उत्पन्न हो सकता है। विधायक ने कहा कि झामुमो इस मुद्दे को पूरी मजबूती के साथ उठाता रहेगा।
बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान झामुमो की नवनियुक्त जिला कमिटी का भी भव्य स्वागत किया गया। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन, जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति, विद्यासागर दास, प्रणव महतो, सचिव रतन महतो, संगठन सचिव चंद्रशेखर टुडू, नासिर खान एवं सह सचिव माणिक मल्लिक का प्रखंड कमिटी की ओर से अभिनंदन किया गया।

अपने संबोधन में विधायक संजीव सरदार ने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा आदिवासियों, मूलवासियों और ग्रामीणों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता आया है तथा आने वाले समय में भी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुनील महतो, बबलू चौधरी, हीरामणि मुर्मू, चंद्रावती महतो, सुधीर सोरेन, भुवनेश्वर सरदार, बाघराय मुर्मू, हितेश भगत, जिकरुल होदा, चक्रधर महतो, बिरेन पात्र, भुगलु टुडू, मनोरंजन सरदार, विमल दास समेत सैकड़ों की संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











