सहचरी ग्रुप ने धूमधाम से मनाई गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

SHARE:

Guwa : गुवा के विवेक नगर स्थित दुर्गा मंडप प्रांगण में सहचरी ग्रुप की महिलाओं द्वारा गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक उमंग के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बच्चों एवं महिलाओं ने गुरुदेव के गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी तथा आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। सहचरी ग्रुप की महिलाओं एवं अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर समारोह की शुरुआत की। इस अवसर पर सहचरी ग्रुप की अध्यक्ष दीपा राय चौधरी ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जन्म 7 मई 1861 को हुआ था, जबकि पश्चिम बंगाल में पारंपरिक रूप से उनकी जयंती 25 वैशाख को मनाई जाती है।

उन्होंने कहा कि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर वर्ष 1913 में साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने वाले पहले एशियाई थे। साथ ही उन्होंने भारतीय राष्ट्रगान “जन गण मन” की रचना कर देश को अमूल्य धरोहर दी।

कार्यक्रम के दौरान छोटे-छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत, संगीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों और महिलाओं की प्रस्तुतियों की सराहना की।

समारोह के अंत में सहचरी ग्रुप की महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का संदेश साझा किया।

कार्यक्रम का संचालन गुवा सेल के महाप्रबंधक संजय बनर्जी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहचरी ग्रुप की अध्यक्ष दीपा राय चौधरी ने किया।

इस मौके पर दीपा राय चौधरी, गोपा राय चौधरी, सुष्मिता बोस, सोनाली कांजीलाल, शुभ्रा दत्ता, डॉ. पोलोमी सेन गुप्ता, रुमा घोष, शिवली विश्वास, पूजा घोष, सोनाली चौबे, सुजाता दास, अरीमा घोष, उमा चक्रवर्ती, श्रेया घोष, सुजाता बनर्जी, सुमन कुमार सहित कई महिलाएं उपस्थित थीं।

Leave a Comment