Jamshedpur : उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित अखिल भारतीय इंडस्ट्रियल टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 में अखिल भारतीय इंडस्ट्रियल टेनिस बॉल क्रिकेट की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में महिला वर्ग में देशभर की 12 राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम विजेता रही, जबकि तमिलनाडु ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। महिला टीम की इस उपलब्धि से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
महिला टीम ने कप्तान अन्नु कुमारी मौर्य के नेतृत्व में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। टीम में उषा महतो, ऋतु यादव, मोनिका सुंडी, वैजंती तिरिया, आभाश्री महतो, पूनम पूर्ति, रोशनी सोय, लक्ष्मी हेम्ब्राम, आईशा कुमारी, रोशनी कुमारी सिंह, अंजलि नाग, आयुषी एवं कोमल कुमारी शामिल रहीं। टीम को प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के बीएड विभाग के शारीरिक शिक्षक डॉ. प्रभात कुमार महतो ने निभाई।
वहीं पुरुष वर्ग में टीम प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंची, जहां उसे उत्तर प्रदेश की टीम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। पुरुष टीम का नेतृत्व हेमंत महतो ने किया। टीम में मोहित तांती, प्रीतम सिंह मंडल, राहुल महतो, संजीव महतो, सागर महाकुड़, गगन महतो, सोमन घोष, बिजु मंडल, अमित कुमार राणा, सुबोध कुमार, रोबिन, दीपक समद सहित अन्य खिलाड़ी शामिल थे।
पुरुष टीम के कोच श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन के शारीरिक शिक्षक डॉ. सूर्यजीत सिंह रहे, जबकि जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की खेल प्रशिक्षिका आर. तेजा को तकनीकी प्रभारी बनाया गया था।
ऑल इंडिया इंडस्ट्रियल टेनिस बॉल क्रिकेट बोर्ड के सचिव रंजीत कुमार सिंह ने महिला टीम के शानदार प्रदर्शन पर सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।











