झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल, अपराधियों के हौसले बुलंद : राम सिंह मुंडा

SHARE:

Jamshedpur : Bharatiya Janata Party झारखंड प्रदेश एसटी मोर्चा के नेता Ram Singh Munda ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि Hemant Soren सरकार में पुलिस प्रशासन पूरी तरह बेलगाम हो चुका है और अपराधी बेखौफ होकर लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। राज्य में आम नागरिक, महिलाएं और बेटियां स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

राम सिंह मुंडा ने परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सोपोडेरा राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में देर रात एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध हत्या की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना बेहद दर्दनाक और मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों द्वारा पहले दुष्कर्म किया गया और बाद में हत्या कर दी गई। हालांकि उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन की नाक के नीचे क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। ब्राउन शुगर, अफीम, गांजा, अवैध महुआ शराब और नकली अंग्रेजी शराब जैसे नशे के कारोबार की वजह से युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है, जिससे चोरी, छिनतई, मारपीट, महिलाओं के खिलाफ अपराध और हत्या जैसी घटनाओं में वृद्धि हो रही है।

राम सिंह मुंडा ने सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन हेलमेट जांच अभियान में जितनी सक्रियता दिखाता है, उतनी गंभीरता अपराध नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा को लेकर क्यों नहीं दिखाई देती। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती और सख्त निगरानी होती, तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था।

उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कठोर सजा दिलाने की मांग की, ताकि समाज में भयमुक्त वातावरण स्थापित हो सके।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि परसुडीह एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध नशे के कारोबार पर तत्काल रोक लगाई जाए, रात्रि पुलिस पेट्रोलिंग को मजबूत किया जाए, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जाए।

Leave a Comment

और पढ़ें